जांजगीर चाम्पा - 56 हजार से अधिक बोरी धान जब्त : रिकॉर्ड में गड़बड़ी पर राइस मिल में छापा, 56 हजार से अधिक बोरी धान जब्त
Chief Editor - Digvendra Kumar Gupta / Fri, Jan 16, 2026 / Post views : 214
समाचार
रिकॉर्ड में गड़बड़ी पर राइस मिल में छापा, 56 हजार से अधिक बोरी धान जब्त
जांजगीर-चांपा 16 जनवरी 2026/कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में अवैध धान भंडारण एवं अनियमितताओं पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विकासखंड नवागढ़ के ग्राम पंचायत नेगुरडीह स्थित श्री हरि राइस मिल में खाद्य विभाग की टीम द्वारा छापामार कार्रवाई की गई।
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान मिल के प्रोपराइटर श्री झामलाल साहू मौके पर उपस्थित थे। निरीक्षण के समय मिल के रिकॉर्ड कीपिंग में गड़बड़ी तथा मिल संचालन में अनियमितता पाई गई। जांच उपरांत मिलर से 56 हजार 417 बोरी धान, जिसका कुल वजन 22,566.80 क्विंटल है, को जब्त किया गया।
कलेक्टर श्री महोबे के निर्देश पर जिले में कोचियों, बिचौलियों एवं राइस मिलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमित सत्यापन जांच के साथ-साथ आकस्मिक छापामार कार्रवाई लगातार की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में अवैध धान समिति में धान खरीदी के दौरान खपाया न जा सके। इस उद्देश्य से राजस्व, खाद्य, मंडी एवं सहकारिता विभाग की संयुक्त उड़नदस्ता टीम लगातार गश्त कर रही है और नियम विरुद्ध पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
Chief Editor - Digvendra Kumar Gupta
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन