कवर्धा -पत्रकारों ने 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं होने पर चक्काजाम की च : कवर्धा में पत्रकार और कैमरामैन पर जानलेवा हमला, मोबाइल लूटे – पुलिस की 6 घंटे की देरी से एफआईआर दर्ज, आक्रोशित
Chief Editor - Digvendra Kumar Gupta / Mon, Sep 22, 2025 / Post views : 160
कवर्धा में पत्रकार और कैमरामैन पर जानलेवा हमला, मोबाइल लूटे – पुलिस की 6 घंटे की देरी से एफआईआर दर्ज, आक्रोशित
पत्रकारों ने 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं होने पर चक्काजाम की चेतावनी
कवर्धा । प्रेस की आज़ादी और पत्रकार सुरक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में शुक्रवार शाम एक गंभीर घटना घटित हुई। प्रतिष्ठित चैनल के पत्रकार संजय यादव और उनके कैमरामैन पर स्थानीय उद्योगपति द्वारा जानलेवा हमला कर दिया गया।
घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे की है, जब पत्रकार रिपोर्टिंग कर रहे थे। आरोप है कि छीरपानी बॉटल व एस.जी. मसाला कंपनी के संचालक संदीप गुप्ता व गणेश गुप्ता ने पहले रोकने की कोशिश की, फिर पत्रकार को गले से पकड़कर मारने का प्रयास किया। इस दौरान कैमरामैन के दो मोबाइल फोन लूट लिए गए और तीसरे को छीनने का भी प्रयास हुआ। किसी तरह पत्रकार और कैमरामैन जान बचाकर मौके से निकले।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस ने इस पूरे मामले में लगभग 6 घंटे की देरी से एफआईआर दर्ज की। रात 11 बजे जाकर मामला दर्ज हुआ। पत्रकारों ने पुलिस की इस भूमिका पर कड़ा सवाल उठाया है और कहा है कि यह न केवल प्रेस की आज़ादी पर हमला है, बल्कि उनकी सुरक्षा से भी खिलवाड़ है।
पत्रकार संगठनों का आक्रोश
घटना के बाद जिले के पत्रकार संगठनों ने एकजुट होकर प्रशासन से त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पत्रकारों ने चेतावनी दी है कि—
दर्ज एफआईआर को तत्काल प्रभाव से मजबूत धाराओं में संशोधित किया जाए।
छीरपानी बॉटल और एस.जी. मसाला कंपनी की निष्पक्ष जांच हो।
आरोपी संदीप गुप्ता और गणेश गुप्ता को 24 घंटे में गिरफ्तार किया जाए।
पत्रकार और उनके परिवार की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन ले।
यदि गिरफ्तारी 24 घंटे में नहीं हुई तो जिलेभर के पत्रकार राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
पत्रकारों ने कहा है कि यह घटना लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है और अगर प्रशासन तुरंत कार्रवाई नहीं करता तो इसकी गूंज राष्ट्रीय स्तर पर होगी।
Chief Editor - Digvendra Kumar Gupta
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन