KAWARDHA NEWS -कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने जल जीवन मिशन की प्रगति की ग : वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में विशेष प्राथमिकता देते हुए शुद्ध पेयजल की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करें– कलेक्टर श्री गोपाल व
Chief Editor - Digvendra Kumar Gupta / Thu, Jul 31, 2025 / Post views : 166
वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में विशेष प्राथमिकता देते हुए शुद्ध पेयजल की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करें– कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने जल जीवन मिशन की प्रगति की गहन समीक्षा की, दिए आवश्यक निर्देश
कवर्धा 31 जुलाई 2025। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जल जीवन मिशन और पेयजल व्यवस्था के संबंध में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के साथ अन्य संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर ने बैठक में शासन की प्राथमिकता में शामिल हर घर पर शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने वाली जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री डीएस राजपुत सहित सभी एसडीओं, इंजीनियर और ठेकेदार उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वनांचल और दूरस्थ अंचलों में विशेष प्राथमिकता देते हुए शुद्ध पेयजल की सतत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से कार्यों की समीक्षा करें और फील्ड विजिट कर यह सुनिश्चित करें कि सभी परियोजनाएँ समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरी हों। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जल जीवन मिशन महत्वपूर्ण योजना है। इसके अंतर्गत हर घर में नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य है।उन्होंने कहा कि जिले के जिन-जिन ग्रामों में जल जीवन मिशन को कार्यों की ऐजेसियां के द्वारा पूरी बताई जा रही है, ऐसे ग्रामों में ग्राम पंचायत को हैंड ओवर करें। उन्होंने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों को हैंड ओवर कर दिया गया है उन ग्राम पंचायतों द्वारा इसके रख रखाव और संचालन के लिए कार्य करें। इसके लिए गांव के लोगों को जागरूक करें, जिससे जल जीवन मिशन का हर घर जल पहुंचने का उद्देश्य पूरा हो। बैठक में बताया गया कि जल जीवन मिशन के तहत 608 ग्रामों में 1 लाख 44 हजार 465 घरेलू नल कनेक्शनो में जल प्रदाय प्रारंभ किया जा चुका है और 295 गांवों का कार्य पूर्ण हो चुका है।
कलेक्टर श्री वर्मा ने जल आपूर्ति योजनाओं के कार्यान्वयन में आ रही जल स्रोतों की कमी, तकनीकी दिक्कतें सहित अन्य समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जल जीवन के कार्यों में जिन कारणों से दिक्कत आ रही है, उसे दूर करते हुए कार्य करे। विभाग के अधिकारी कारणों का चिन्हाकिंत करते हुए संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर निराकरण करें। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों को मिलकर काम करना होगा ताकि मिशन के उद्देश्यों को समय पर पूरा किया जा सके और जनता को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि ऐसे जल की कमी से प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए और लोगों को जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाया जाए। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्यो की ग्रामवार समीक्षा की और विभागीय अधिकारियों से ग्राम वार प्रगति की पूरी जानकारी ली। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए समस्त अधिकारियों कर्मचारियो को निर्देशित कर लक्ष्य के विरूद्ध प्रगति प्राप्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में जल जीवन मिशन के सचिव एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री दिलीप राजपूत ने बताया कि जल जीवन मिशन अंतर्गत कबीरधाम जिले के 959 ग्रामों के लिए योजना तैयार की गई है। जल जीवन मिशन के तहत 608 ग्रामों में 1 लाख 44 हजार 465 घरेलू नल कनेक्शनो में जल प्रदाय प्रारंभ किया जा चुका है और 295 गांवों का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अंतर्गत कवर्धा के 36, सहसपुर लोहरा के 60, पंडरिया के 84 और बोड़ला के 115 ग्रामों में कार्य पूर्ण कर लिया गया है। 662 गांवों में कार्य प्रगतिरत है।
Chief Editor - Digvendra Kumar Gupta
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन