KAWARDHA NEWS - स्वामी विवेकानंद अकादमी के छात्रों ने वनरक्षक भर्ती मे : स्वामी विवेकानंद अकादमी के छात्रों ने वनरक्षक भर्ती में रचा इतिहास 36 में से 13 पदों पर छात्रों का चयन, सामुदायिक पुलिसि
Chief Editor - Digvendra Kumar Gupta / Fri, May 23, 2025 / Post views : 208
प्रेस विज्ञप्ति
स्वामी विवेकानंद अकादमी के छात्रों ने वनरक्षक भर्ती में रचा इतिहास 36 में से 13 पदों पर छात्रों का चयन, सामुदायिक पुलिसिंग की बड़ी सफलता
कबीरधाम, 23 मई 2025
कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद अकादमी ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। हाल ही में घोषित वनरक्षक भर्ती परीक्षा के परिणाम में जिले के लिए निर्धारित 36 पदों में से 13 पदों पर अकादमी से प्रशिक्षित विद्यार्थियों का चयन हुआ है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि न केवल अकादमी बल्कि पूरे कबीरधाम पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है।
आज पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (IPS) स्वयं अन्य अधिकारियों के साथ अकादमी पहुंचे और चयनित छात्र-छात्राओं को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह अकादमी छत्तीसगढ़ पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग पहल का हिस्सा है, जो युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण देकर उन्हें सुरक्षा बलों, अर्धसैनिक बलों एवं अन्य सेवाओं में करियर बनाने हेतु तैयार करती है।
स्वामी विवेकानंद अकादमी के माध्यम से अब तक कुल लगभग 500 युवक-युवतियों का चयन पुलिस आरक्षक, पुलिस उप निरीक्षक, वनरक्षक, अर्धसैनिक बल, सेना, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के आरक्षक एवं नगर सैनिक जैसे विभिन्न पदों पर हो चुका है। यह न केवल जिले बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (IPS) ने कहा कि यह सफलता उन सभी पुलिसकर्मियों के समर्पण, परिश्रम और मार्गदर्शन का परिणाम है जो इस अकादमी के संचालन में लगे हैं। यह अकादमी पुलिस और समाज के बीच सकारात्मक संवाद का सेतु बन चुकी है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर, डीएसपी श्री आशीष शुक्ला उपस्थित रहे और उन्होंने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
एकेडमी के प्रशिक्षक दल, जिनके अथक प्रयासों से यह सफलता संभव हुई:
* आरक्षक विक्की चंद्रवंशी
* आरक्षक प्रदीप श्रीवास
* आरक्षक दशरथ साहू
* महिला आरक्षक तुलसी चंद्रवंशी
* महिला नगर सैनिक रीना शर्मा
ये सभी प्रशिक्षक सेवा भावना से युवाओं को नियमित प्रशिक्षण दे रहे हैं, जिसमें शारीरिक दक्षता, लिखित परीक्षा की तैयारी, एवं अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
स्वामी विवेकानंद अकादमी न केवल कबीरधाम, बल्कि बलरामपुर, सरगुजा, बेमेतरा आदि जिलों के युवाओं के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बन चुकी है।


कबीरधाम पुलिस – सामुदायिक सहभागिता के साथ जनसेवा की ओर
Chief Editor - Digvendra Kumar Gupta
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन